रतलाम। आमतौर पर पोते का जन्मदिन परिवार में खुशियां मनाने, उपहार देने और उत्सव मनाने का अवसर होता है, लेकिन रतलाम के एक परिवार ने इस खुशी को मानव सेवा के ऐसे अनुकरणीय संकल्प में बदल दिया, जो लंबे समय तक समाज को प्रेरणा देता रहेगा। पोते परम रविंद्र राठौड़ के जन्मदिन पर दादा महेंद्र कुमार राठौड़ और दादी श्रीमती राजू बाला राठौड़ ने देहदान का संकल्प लेकर यह संदेश दिया कि इंसान की सेवा का सफर जीवन के अंतिम पड़ाव के बाद भी जारी रह सकता है।
पश्चिम क्षेत्र मध्य प्रदेश विद्युत मंडल में 44 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए महेंद्र कुमार राठौड़ के मन में लंबे समय से देहदान करने की इच्छा थी। इसी मानवीय भावना को साकार करने के लिए उन्होंने काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य सुनील लाठी के माध्यम से संस्था के सचिव गोविंद काकानी से संपर्क किया और घर आकर देहदान संकल्प पत्र भरवाने का आग्रह किया।
इस पर सुनील लाठी एवं गोविंद काकानी देहदान संकल्प पत्र लेकर शिवधाम परिसर, रत्नेश्वर रोड स्थित राठौड़ परिवार के निवास पर पहुंचे। परिवार की सहमति और खुशी के साथ महेंद्र कुमार राठौड़ एवं उनकी पत्नी राजू बाला राठौड़ ने देहदान का संकल्प पत्र भरकर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस भावुक और प्रेरणादायी अवसर पर उनके सुपुत्र रविंद्र, बहू आंचल, सुपुत्री पूजा राठौड़, नातिन गीतिका एवं चेष्टा तथा पोते परम की उपस्थिति रही। संकल्प पत्र भरने के बाद दंपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देहदान करने की उनकी वर्षों पुरानी इच्छा आज पूरी हुई है। पोते के जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर यह पुनीत कार्य कर पाना उनके लिए अत्यंत संतोष और खुशी का विषय है।
मेडिकल कॉलेज ने किया दंपति के संकल्प का सम्मान
देहदान संकल्प पत्र मेडिकल कॉलेज में जमा होने के बाद डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के मानव संरचना विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं डीन डॉ. अनीता मुथा ने इस पुनीत निर्णय की सराहना की। उन्होंने दंपति का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें परिचय पत्र भी प्रदान किए।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि देहदान से प्राप्त शरीर मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन और चिकित्सा शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे भावी चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना को समझने और चिकित्सा ज्ञान प्राप्त करने में मदद मिलती है। इस तरह देहदान करने वाला व्यक्ति मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा और मानव कल्याण में अपना योगदान देता है।
जन्मदिन पर मिला जीवनभर याद रहने वाला संस्कारों का उपहार
पोते परम के जन्मदिन पर दादा-दादी का यह निर्णय केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए सेवा, त्याग और मानवता की अनमोल सीख बन गया। जहां जन्मदिन पर सामान्यतः उपहार दिए जाते हैं, वहीं इस दंपति ने मानवता के नाम अपना शरीर समर्पित करने का संकल्प लेकर परिवार को ऐसा उपहार दिया, जिसका महत्व पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।
महेंद्र कुमार और राजू बाला राठौड़ की यह पहल समाज को सोचने के लिए प्रेरित करती है कि जीवन की सार्थकता केवल अपने लिए जीने में नहीं, बल्कि दूसरों के काम आने में भी है। पोते के जन्मदिन की खुशियों को मानव सेवा के महायज्ञ से जोड़कर राठौड़ दंपति ने साबित कर दिया कि सच्चे संस्कार शब्दों से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से अगली पीढ़ी को दिए जाते हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत