रतलाम /बाजना। रत्नपुरी ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रतलाम द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर बाजना में आज बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। मेले में विद्यालय के भैया-बहिनों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की आकर्षक दुकानें सजाईं। बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और उत्साह से विद्यालय परिसर मेले के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पधारे ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रतलाम के सह सचिव मांगीलाल खराड़ी ने रिबन खोलकर किया। शुभारंभ के पश्चात अतिथि ने मेले में लगाई गई विभिन्न दुकानों का भ्रमण किया और बच्चों द्वारा तैयार की गई व्यंजनों की दुकानों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भैया-बहिनों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।
बाल मेले में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें सजाईं। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी-अपनी दुकानों का संचालन किया। मेले में विद्यालय के सभी भैया-बहिनों के साथ आचार्य परिवार ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने विभिन्न दुकानों से सामग्री क्रय कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और मेले का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर अतिथि मांगीलाल खराड़ी, विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश गोस्वामी एवं कुंदनपुर विद्यालय के प्रधानाचार्य गोरखमल चरपोटा ने सभी भैया-बहिनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, व्यवहारिक ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
बाल मेले को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य परिवार का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर सत्तू डामोर, सावल सिंह चारेल, संगीता गोस्वामी, निर्मला चारेल, श्रद्धा डिंडोर, स्वाति डिंडोर, अरिहंता भगोरा, रानी मईडा, काली चरपोटा, अनामिका मईडा सहित विद्यालय सेविका आशाबाई उपस्थित रहीं।
बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और उमंग से सजा यह बाल मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों को स्वयं के कौशल को प्रदर्शित करने और व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने का भी अवसर प्रदान कर गया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )