रतलाम/शिवगढ़। शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में घुसकर सेल्समैन और मैनेजर के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक वेस्पा और दो सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किए गए हैं। हालांकि, लूटा गया मोबाइल अभी बरामद होना शेष है, जबकि प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रात 9:20 से 9:30 बजे के बीच दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:20 से 9:30 बजे के बीच आरोपियों ने शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सेल्समैन सुशील तिवारी और मैनेजर धर्मेन्द्र जाट के साथ गेती के हत्थे, सीमेंट के ब्लॉक (पत्थर), शराब की बोतलों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और जाते समय मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद फरियादी धर्मेन्द्र पिता मोतीलाल जाट (33), निवासी ग्राम पंथ पिपलाई, इंदौर रोड उज्जैन, थाना नानाखेड़ा, जिला उज्जैन की रिपोर्ट पर थाना शिवगढ़ में अपराध क्रमांक 340/2026, धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में गठित हुई टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार आरोपियों की तलाश की। मुखबिर से मिली सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है।
ये छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में जय पिता शरदजी खरें (24), निवासी मदीना मस्जिद के सामने, गली हाट रोड रतलाम
नानु उर्फ अनिल पिता सोहन देवदा , निवासी राजेन्द्र नगर, गौशाला रोड रतलाम
कार्तिक उर्फ ओमप्रकाश पिता जगदीश मोर्य निवासी दीनदयाल नगर रतलाम
पियुष उर्फ पुष्पेन्द्र पिता आम्बालाल रोजे निवासी सुभाषनगर, आंगनवाड़ी के पास दीनदयाल नगर रतलाम
बल्लु उर्फ प्रताप पिता सोहन सिंह राजपूत निवासी बजरंग नगर रतलाम
तथा हर्ष उर्फ हर्षवर्धन पिता पर्वत कुमार हाडे , निवासी रुद्राक्ष रत्नेश्वर रोड रतलाम शामिल हैं।
तीन स्कूटर जब्त, मोबाइल की तलाश जारी
पुलिस ने प्रकरण में वारदात में प्रयुक्त वेस्पा कंपनी का एक स्कूटर और सुजुकी कंपनी के दो एक्सेस स्कूटर जब्त किए हैं। लूटा गया मोबाइल बरामद करने तथा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
लूट की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक दिलीप शर्मा , प्रधान आरक्षक विजय मंडलोई प्रधान आरक्षक विक्रमसिंह घोसरे , प्रधान आरक्षक हेमंत कुमार लिम्बोदिया , आरक्षक मनीष खराड़ी , आरक्षक रावजी गणावा , आरक्षक नरवरसिंह मईड़ा , आरक्षक जितेन्द्र प्रसाद , आरक्षक रमेश सोलंकी , आरक्षक विक्रमसिंह भुरिया , आरक्षक शैतान खड़िया , आरक्षक घनश्याम दडिंग , महिला आरक्षक रेणु डावर , महिला आरक्षक सावित्री मकवाने , आरक्षक राजेश तथा चालक विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से शिवगढ़ क्षेत्र में हुई लूट की वारदात की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब लूटे गए मोबाइल की बरामदगी और शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत