रतलाम/सरवन। जिले के सरवन थाना क्षेत्र की बेड़दा चौकी अंतर्गत रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 14 वर्षीय किशोरी माया पिता रावजी की खेत की मेड़ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिली। किशोरी का शव मांगू पिता नागु मईड़ा के खेत के सेड़े पर पड़ा मिला। घटनास्थल के पास कीटनाशक दवा की शीशी, मोबाइल और मुँह से की उल्टी एवं पास में पड़ी चप्पल मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेड़दा निवासी एक व्यक्ति रविवार, 25 अक्टूबर 2026 की सुबह अपने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसे खेत की मेड़ के पास अपनी बड़ी पापा की बेटी माया मृत अवस्था में दिखाई दी। पास जाकर देखने पर घटनास्थल के आसपास कीटनाशक दवा की शीशी, मोबाइल और चप्पल पड़ी मिली। इसके बाद उसने माया के बड़े भाई पवन से संपर्क कर घटना की जानकारी ली।
पवन ने बताया कि माया शनिवार रात करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिवार को लगा कि वह बेड़दा में स्थित दूसरे घर पर गई होगी, लेकिन वहां भी उसके नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। रविवार सुबह खेत के पास उसका शव मिलने से परिवार में शोक छा गया। इसके बाद परिजन बेड़दा पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी।
पुलिस ने किया घटनास्थल का
निरीक्षण, मेडिकल कॉलेज भेजा शव
सूचना मिलने पर बेड़दा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश तोमर ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से होगी स्पष्ट
सरवन थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में किशोरी की मौत कीटनाशक दवा पीने से होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि किशोरी रात में घर से क्यों निकली थी और किन परिस्थितियों में खेत की मेड़ तक पहुंची। इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत