रतलाम/इंदौर। नकली सोने-चांदी के आभूषणों को असली बताकर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की एक और कथित वारदात सामने आई है। रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस की गिरफ्त में आए गिरोह के सदस्य मानसिंह ने पूछताछ में इंदौर के एक व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने पहले असली सोने का लॉकेट देकर व्यापारी का विश्वास जीता और फिर करीब चार किलो सोने के आभूषण देने का लालच देकर 40 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब व्यापारी ने घर पहुंचकर थैली खोली तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह नकली लॉकेट मिले। इस तरह भरोसे की आड़ में लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, माणकचौक थाना पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषणों को असली बताकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरोह के मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी दौरान इंदौर के व्यापारी के साथ हुई 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। इस संबंध में व्यापारी ने इंदौर के लसुड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पहले असली लॉकेट से बनाया भरोसा
पुलिस के मुताबिक, व्यापारी की मुलाकात 22 सितंबर 2023 को व्यापार के सिलसिले में बैंक जाते समय एक व्यक्ति से हुई थी। उसने व्यापारी से सोने के आभूषण बेचने की बात कही, लेकिन शुरुआत में व्यापारी को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ। इसके बाद फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने अपनी मां और मामा से भी बात करवाई। उन्होंने इलाज के लिए पैसों की जरूरत और बेटी की शादी के लिए आभूषण बेचने की बात कही।
कुछ समय बाद व्यापारी को बुलाकर एक सोने का लॉकेट दिया गया। व्यापारी ने जब उसकी जांच करवाई तो वह असली निकला। इसी घटनाक्रम ने आरोपियों पर उसका विश्वास बढ़ा दिया। इसके बाद आभूषणों की बड़ी खरीद-फरोख्त को लेकर बातचीत आगे बढ़ाई गई।
70 से 80 लाख के आभूषण बताकर रचा जाल
आरोपियों ने व्यापारी को इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर बुलाया। वहां से व्यापारी अपने भाई के साथ कार में आरोपियों को लेकर कार्यालय पहुंचा। आरोपियों ने करीब चार किलो सोने के आभूषण होने की बात कहते हुए उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई।
सौदे को अंतिम रूप देने के दौरान आरोपियों ने तत्काल कुछ रकम देने और शेष भुगतान बाद में करने की बात कही। उनकी बातों में आकर व्यापारी 40 लाख रुपये लेकर कार्यालय पहुंचा। इसके बाद वह आरोपियों के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे तक गया, जहां ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया।
40 लाख रुपये लेकर हुए गायब, थैली में निकले नकली लॉकेट
पुलिस के अनुसार, बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर आरोपियों ने व्यापारी से 40 लाख रुपये से भरा बैग ले लिया और बदले में आभूषणों की थैली थमा दी। रकम लेने के बाद आरोपी वहां से चले गए। व्यापारी जब घर पहुंचा और थैली खोलकर आभूषणों की जांच की तो उसके होश उड़ गए। थैली में असली सोने के आभूषणों के बजाय नकली लॉकेट रखे हुए थे।
इसके बाद व्यापारी को अपने साथ हुई ठगी का पता चला और उसने लसुड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रतलाम पुलिस की पूछताछ में खुल रही कड़ियां
रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों से पूछताछ जारी है। मानसिंह द्वारा इंदौर के व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस गिरोह की अन्य संभावित वारदातों, उसके नेटवर्क और ठगी के तरीके की पड़ताल कर रही है। पुलिस पूछताछ में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
एक असली लॉकेट दिखाकर विश्वास हासिल करना और फिर लाखों रुपये के सोने का सौदा बताकर नकली आभूषण थमा देना, इस कथित ठगी का अहम पहलू है। अब पुलिस की जांच का केंद्र गिरोह की अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ना है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत