रतलाम /सरवन। आगामी त्योहारों को देखते हुए सरवन में लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से सरवन थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। थाना प्रभारी ने ग्राम पंचायत सचिव ईश्वर मालवीय के साथ नगर भ्रमण कर स्थानीय दुकानदारों और फुटकर व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे अपनी दुकान का सामान प्रतिष्ठान की सीमा के भीतर रखें और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण करने से बचें।
थाना प्रभारी ने दुकानदारों से कहा कि वे दुकान के बाहर सड़क और रास्तों तक सामान फैलाकर न रखें। वहीं फुटकर व्यापारी अपनी निर्धारित सीमा में अथवा ग्राम पंचायत द्वारा तय स्थान पर ही व्यवसाय करें। बाजार में अनावश्यक भीड़ और रास्तों पर अव्यवस्था से आम लोगों को परेशानी न हो तथा त्योहारों के दौरान आवागमन बाधित नहीं हो, इसके लिए सभी व्यापारियों का सहयोग जरूरी है।
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के लिए बुलाई बैठक
थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने पुरे नगर के व्यापारियों और फुटकर विक्रेताओं की समस्याएं सुनने के लिए शुक्रवार सुबह 11:30 बजे बैठक निर्धारित की है। बैठक में स्थानीय दुकानदारों के साथ सब्जी-भाजी विक्रेताओं सहित सभी फुटकर व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। थाना प्रभारी ने आग्रह किया है कि जिन व्यापारियों को अपनी दुकान लगाने की जगह अथवा अतिक्रमण संबंधी व्यवस्था को लेकर कोई समस्या है, वे बैठक में उपस्थित होकर अपनी बात रखें। प्रशासन उनकी समस्याओं को सुनकर उचित व्यवस्था बनाने की दिशा में चर्चा करेगा।
बढ़ते अतिक्रमण से बिगड़ सकती है बाजार की व्यवस्था
सरवन में बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने समय रहते व्यवस्था सुधारने की पहल की है। त्योहारों के दौरान बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से सड़कें और सार्वजनिक रास्ते अधिक व्यस्त हो जाते हैं। ऐसे में दुकानों के बाहर रखा सामान और निर्धारित स्थान से बाहर लगने वाली दुकानें आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। साथ ही अव्यवस्थित यातायात के चलते अप्रिय स्थिति बनने की आशंका भी बनी रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी ने व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और नगर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
प्रशासन और व्यापारियों के समन्वय पर जोर
शुक्रवार को आयोजित होने वाली बैठक में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सम्भुड़ी बाई भाभर, सरवन थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव ईश्वर मालवीय सहित संबंधित प्रशासनिक विभागों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कर बाजार में अतिक्रमण को नियंत्रित करना और त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे बैठक में समय पर पहुंचें और अपनी समस्याएं खुलकर रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिससे व्यापार भी सुचारू रूप से चले और आम नागरिकों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
अब देखना होगा कि शुक्रवार की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर क्या सहमति बनती है और सरवन के बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए प्रशासन कौन से कदम उठाता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत