|
एसपी राजेश व्यास ने थाना प्रभारियों को दिए त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश नीमच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और लंबित शिकायतों के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में करीब 67 फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। वहीं, सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन, उज्जैन द्वारा जोन के सभी जिलों में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन और जनशिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में नीमच जिले में उक्त शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। करीब 67 फरियादियों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण पर जोर पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामलों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जनशिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा, ताकि आमजन को अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान प्राप्त करने के लिए सुलभ मंच मिल सके। ये अधिकारी रहे उपस्थित जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्या चंद्रवंशी, जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं प्रभारी अधिकारी, संबंधित शाखाओं के प्रभारी तथा शिकायतकर्ता एवं आवेदक उपस्थित रहे। |