|
आगर-मालवा, 01 अक्टूबर 2026 / गांधी जयंती से राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश व्यापी ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी 9 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का मूल उद्देश्य सेवा को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थायी भावना में बदलना है। इसके लिए जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि से होगी। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। स्वच्छता जागरूकता रैली और जनसंवाद के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के पृथकीकरण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। जल स्रोतों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, शासकीय भवनों, उद्यानों, चौराहों, विद्यालयों, बाजारों, चिकित्सालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, श्रमदान तथा सामूहिक संकल्प के कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक वार्ड और पंचायत में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रदेश के साथ ही जिले में 3 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ गंभीर मामलों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने और आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। 4 अक्टूबर को वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव सुने जाएंगे तथा भोजन, फल और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों के साथ अपनत्व का भाव मजबूत किया जाएगा। इसी दिन अनाथालयों में बच्चों के साथ संवाद, भोजन एवं फल वितरण, कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी तथा दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों की शिक्षा में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। |