रतलाम / शिवगढ़। तेजा दशमी के जुलूस में कानून-व्यवस्था संभाल रही पुलिस से उलझना एक युवक को भारी पड़ गया। भीड़ के बीच पुलिस आरक्षक को चांटा मारने और गला पकड़ने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। शिवगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक मिथुन (19) निवासी खेरखूंटा, थाना सरवन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और उसका जुलूस निकाला।शिवगढ़ थाने की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती की चर्चा रही।
मामला सोमवार 21 सितंबर का है। तेजा दशमी के अवसर पर शिवगढ़ में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी भीड़ में युवकों के समूह की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने बंटू (20) पिता थावरा, निवासी बरडा, थाना सरवन की तलाशी ली तो उसके पास से चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने बंटू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
चाकू मिला तो मचा हंगामा, आरक्षक से हाथापाई
चाकू बरामद होने के बाद आरक्षक कंवरलाल और नितेश जाटव युवक से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद मिथुन विवाद में कूद पड़ा। पुलिस के अनुसार उसने आरक्षक कंवरलाल को चांटा मारा और गला पकड़ लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे काबू में किया और बाइक से शिवगढ़ थाने ले गए।
बताया गया कि मिथुन को कथित तौर पर यह जानकारी नहीं थी कि उसके साथी बंटू के पास से चाकू मिला है। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और आरक्षक के साथ हाथापाई हो गई।
माफीनामा लिखकर छूट गया था, वीडियो ने फिर खोल दिया मामला
थाने पर मिथुन ने अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए लिखित माफीनामा दिया था। आरक्षक की ओर से शिकायत नहीं किए जाने के कारण उस समय उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया गया और उसे छोड़ दिया गया। लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तक पहुंचा।
एसपी ने कहा—माफीनामा लिखाकर छोड़ना प्रक्रिया नहीं
एसपी अमित कुमार ने मामले को संज्ञान में लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल माफीनामा लिखाकर आरोपी को छोड़ना निर्धारित कानूनी प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने BNS की संबंधित धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए और जांच एसडीओपी को सौंप दी।
एसपी के निर्देश के बाद शिवगढ़ थाने में मिथुन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। थाना प्रभारी आरएस मकवाना ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से मारपीट के मामलों में घटना की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत