|
जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न आगर-मालवा : जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक उनकी बैंकों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्व-रोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रस्तुत प्रकरणों में अवलिंब स्वीकृति जारी कर ऋण वितरण सुनिश्चित करें, कोई भी बैंक शाखा बगैर उचित कारण किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लम्बित न रखें, यदि किसीप्रकरण में दस्तावेज की कमी हो तो संबंधित जिला अधिकारी को अवगत कराएं, संबंधित जिला अधिकारी बैंकों से समन्वय सम्पर्क कर प्रकरण में आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाएंगे। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार की शाम को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधकों और जिलाधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री श्रीकांत सक्सेना सहित रिजर्व बैंक के सहायक प्रबंधक, नाबार्ड के सहायक प्रबंधक तथा जिले की सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधकगण तथा जिलाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे फसल बीमा योजना के तहत् पूरी सतर्कता के साथ काम करें और यदि किसी किसान का फसल बीमा प्रीमियम लिया गया है, तो उसका बीमा अवश्य हो और उसे जरूरत पडने पर बीमा क्लेम का भुगतान भी करवाएं। प्रीमियम लेने के बाद बीमा क्लेम के भुगतान की जिम्मेदारी संबंधित बैंक शाखा की ही रहेगी। यह विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होंने फसल बीमा क्लेम के बैंकों में लम्बित प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना, संत रविदास स्व-रोजगार योजना, डॉ. भीमराव आर्थिक कल्याण योजना सहित कृषि, उद्यानिकी, उद्योग व अन्य विभागों के माध्यम से संचालित स्व-रोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत् विभागों द्वारा बैंकों को आवंटित लक्ष्य, उनके विरूद्ध प्रस्तुत प्रकरण, स्वीकृत प्रकरण एवं हितलाभ वितरण की भी बैंक शाखावार, योजनावार विस्तार से समीक्षा की। |