रतलाम। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी जिला रतलाम की बहनों द्वारा अनूठा एवं भावपूर्ण रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने नगर के चारों प्रखंडों के पुलिस थानों में पहुंचकर थाना प्रभारियों सहित पुलिस विभाग के समस्त स्टाफ को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के इस आत्मीय प्रयास की सराहना की।
रक्षा सूत्र बांधते हुए बहनों ने पुलिस जवानों के कर्तव्य, समर्पण और समाज की सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया। जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करने का कार्य किया। थानों में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
इसी क्रम में वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के बीच भी आत्मीयता और अपनत्व का वातावरण बनाया गया। बहनों ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में संस्कार, सेवा, सुरक्षा और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष मीना दीदी, जिला संयोजिका सविता दीदी, जिला अध्यक्ष जयंतीलाल पाटीदार, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुन्नू कुशवाह, जिला सहसंयोजक सुनील , जिला उपाध्यक्ष आशु , मोहित , दीपक , मनीष शीतल दीदी, तुलसी दीदी, आरती दीदी सहित विश्व हिंदू परिषद एवं मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मातृशक्ति ने यह संदेश दिया कि रक्षा सूत्र केवल कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास, सम्मान और भाईचारे का मजबूत संकल्प है। समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और अपनत्व प्रकट करने का यह प्रयास जन्माष्टमी पर्व को और भी सार्थक बना गया।
कार्यक्रम की जानकारी जिला सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।