रतलाम / सैलाना। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बालिका के सिर, कान और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटड़ा निवासी आंचल कटारा (11 वर्ष) पिता सुरेंद्र कटारा अपने खेत से घर लौट रही थी। सैलाना से लगभग 5 किलोमीटर दूर पटेल ढाबे के सामने सड़क पार करते समय रतलाम की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 04 ZV 9769) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालिका सड़क पर दूर जा गिरी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बालिका को संभाला तथा तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मनीष खराड़ी , तूफान भूरिया एवं पायलट अर्जुन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायल बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंचाया।
अस्पताल में डॉ. जितेन्द्र रायकवार ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान बालिका के सिर, कान और पैरों में गंभीर चोटें मिलने पर उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो का पीछा किया। वाहन को सरवन थाना क्षेत्र में पकड़कर जब्त कर लिया गया है। फिलहाल स्कॉर्पियो सरवन थाने में पुलिस अभिरक्षा में है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत