|
|
भोपाल/भीलवाड़ा : अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष चरण सिंह टांक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। राजस्थान प्रदेश महामंत्री छीतर मल गेगट ने बताया कि बैठक में सफाई कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में प्रमुख रूप से सफाई कार्य में प्रचलित ठेकेदारी प्रथा को पूर्णतः समाप्त करने, सभी विनियमित सफाई कर्मचारियों को नियमित करने तथा 1 अगस्त 2024 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अनुसूचित जाति के आरक्षण के उप-वर्गीकरण संबंधी निर्णय को लागू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा महाराष्ट्र राज्य की तर्ज पर लाड एवं वामे समिति की सिफारिशों को सभी राज्यों में लागू करने, देशभर में एक लाख से अधिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती, सभी सफाई कर्मचारियों को निःशुल्क आवास, ठेकेदारी में कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन अधिनियम के अनुसार वेतन देने तथा सफाई कर्मचारियों के शिक्षित बच्चों को उद्योग स्थापना, विशेष प्रशिक्षण एवं सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। प्रदेश महामंत्री छीतर मल गेगट ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि केंद्र एवं राज्य सरकारें इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती हैं तो नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर देशव्यापी आंदोलन एवं विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया। रिपोर्ट : राजकुमार जी गोयल |