मंदसौर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ मंदसौर पुलिस का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। इसी कड़ी में थाना दलौदा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम एमडी और 2 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थों और मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी सुश्री कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डाँगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दलौदा-महू-नीमच हाईवे स्थित सांवलिया गौशाला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फिरोज पिता अब्दुल रहमान 22 वर्ष निवासी अभिनंदन कॉलोनी, पद्मावती रिसोर्ट के पास, मंदसौर बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20 ग्राम एमडी तथा पीठ पर टंगे बैग से 2 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद किया गया। साथ ही एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने जा रहा था। इस मामले में उसके नेटवर्क और संभावित साथियों की भी गहन जांच की जा रही है।
मंदसौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।