|
|
भीलवाड़ा | देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ रोड NH-79 स्थित होटल रेडियंस में प्रेस वार्ता आयोजित कर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों मेहनती और ईमानदार छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन इस मामले ने छात्रों और अभिभावकों का विश्वास कमजोर किया है। कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए छात्रों के साथ खड़ी है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। रामलाल जाट ने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद चेयरमैन एवं भीलवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी ओमप्रकाश नरानीवाल पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रद्युम्न सिंह राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शंकरलाल गाडरी महेश सोनी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष ने आगामी जनसंवाद कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 27 जून 2026 शनिवार शाम 6 बजे भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अंबेडकर सर्कल पर एक शाम छात्रों की गूंज नाम से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छात्र अभिभावक और आम नागरिक खुलकर अपने विचार रख सकेंगे तथा NEET परीक्षा में कथित धांधली भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात ने जिले के युवाओं विद्यार्थियों अभिभावकों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं के भविष्य निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। रिपोर्ट : राजकुमार जी गोयल |