|
|
बिजौलिया क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार भीलवाड़ा/बिजौलिया। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। चंपापुर गांव स्थित एक फार्म हाउस पर की गई इस कार्रवाई में लगभग 36 किलो तैयार एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य का रॉ मटेरियल, रासायनिक पदार्थ एवं ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ के निर्माण में लगे हुए थे तथा उनके पास मौजूद अतिरिक्त रॉ मटेरियल से और अधिक मात्रा में एमडी ड्रग्स तैयार की जानी थी। गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई जानकारी के अनुसार कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा को मिली सूचना के आधार पर बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंपापुर गांव स्थित वन क्षेत्र से सटे एक फार्म हाउस पर दबिश दी। यहां लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में तैयार एमडी ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ, प्लास्टिक कंटेनर, केन, थालियां तथा ड्रग निर्माण में उपयोग किए जाने वाले अन्य उपकरण मिले। पूरे परिसर को सील कर साक्ष्य एकत्रित किए गए। तीन आरोपी हिरासत में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी 51 वर्षीय वीरेन्द्र, नीमच निवासी 43 वर्षीय बहादुर सिंह तथा भीलवाड़ा जिले के भोपतपुरा निवासी 30 वर्षीय बबलू शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क कई जिलों एवं राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है। वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर कार्रवाई की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ डीवाईएसपी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी की। पुलिस अब जब्त सामग्री की जांच कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। यह कार्रवाई बिजौलिया क्षेत्र ही नहीं, बल्कि भीलवाड़ा जिले में एमडी ड्रग्स के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। पुलिस द्वारा विस्तृत रिपोर्ट जारी किए जाने के बाद बरामदगी, नेटवर्क और आरोपियों के संबंध में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। रिपोर्ट : दिनेश जोशी |