रतलाम। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना रिंगनोद पुलिस ने राजस्थान के एक कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलोग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस अब ड्रग्स के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में एम.डी. ड्रग्स लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर 25 जून 2026 को बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाईवे, ढोढर पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युनुस पिता नियामत खान पठान (52 वर्ष), निवासी कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलोग्राम) एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से ड्रग्स के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
रतलाम पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में एम.डी. ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
युनुस पिता नियामत खान पठान (52 वर्ष)
निवासी – कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)
जप्त मशरुका
1 किलोग्राम एम.डी. ड्रग्स
अनुमानित कीमत – ₹1 करोड़
सराहनीय भूमिका निभाने वाले अधिकारी एवं पुलिसकर्मी
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धनसिंह जगावत, आरक्षक राधेश्याम चौहान, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, आरक्षक रविन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक शोभाराम शर्मा, सैनिक छत्रपालसिंह तथा सायबर सेल रतलाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत