रतलाम। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और युवाओं में फैलते नशे के कारोबार को लेकर हिंदू संगठन ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व पदाधिकारी एवं हिंदूवादी नेता रामबाबू शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि रतलाम शहर एक बार फिर एमडी ड्रग्स, सट्टा और जुए के अवैध कारोबार की गिरफ्त में आता दिखाई दे रहा है। यदि समय रहते इस पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इसके गंभीर सामाजिक परिणाम सामने आ सकते हैं।
रामबाबू शर्मा ने कहा कि हाल के दिनों में जिले में चाकूबाजी, हत्या, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है। इसके पीछे नशे के बढ़ते प्रचलन को भी एक बड़ा कारण बताया जा रहा है। उनका कहना है कि एमडी ड्रग्स का जाल अब शहर के कई क्षेत्रों तक फैल चुका है और इसकी चपेट में पढ़ाई कर रहे युवा भी तेजी से आ रहे हैं। नशे की लत के कारण युवाओं में हिंसक प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं और मामूली विवाद भी गंभीर घटनाओं का रूप ले रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में खुलेआम एमडी ड्रग्स की बिक्री के साथ-साथ सट्टा और जुए का अवैध कारोबार भी संचालित हो रहा है, जिससे समाज और परिवार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना करने को मजबूर हैं।
रामबाबू शर्मा ने याद दिलाया कि लगभग दो वर्ष पूर्व भी रतलाम शहर एमडी ड्रग्स की समस्या से जूझ रहा था। उस समय विभिन्न सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों द्वारा धरना-प्रदर्शन तथा मौन जुलूस निकालकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से काफी हद तक नशे के कारोबार पर अंकुश लग पाया था।
उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि एमडी ड्रग्स, सट्टा और जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हिंदू संगठन और सामाजिक संस्थाएं व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
रामबाबू शर्मा ने कहा कि नशे का कारोबार समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है। इसे रोकना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत