|
|
मीडिया प्रबंधन और जनसंवाद के विशेषज्ञ जगदीश जी मालवीय को नई जिम्मेदारी तीन दशकों से अधिक की गौरवशाली सेवा, उत्कृष्ट मीडिया प्रबंधन और सृजनात्मक लेखन से बनाई विशिष्ट पहचान नीमच। जनसंपर्क विभाग में अपने समर्पण, कार्यकुशलता और रचनात्मक सोच से अलग पहचान स्थापित करने वाले वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री जगदीश मालवीय अब आगर मालवा जिले में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। शासन की नीतियों और जनभावनाओं के बीच सशक्त संवाद का सेतु बने श्री मालवीय का नाम आज मध्यप्रदेश के जनसंपर्क जगत में सम्मान और विश्वसनीयता का पर्याय माना जाता है। धार जिले की बदनावर तहसील में जन्मे श्री मालवीय ने अपनी कर्मठता, विनम्रता और पेशेवर दक्षता के बल पर जनसंपर्क क्षेत्र में एक विशिष्ट मुकाम हासिल किया है। उन्होंने वर्ष 1988 में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्वालियर से शासकीय सेवा का सफर शुरू किया तथा वर्ष 1993 में जनसंपर्क विभाग से जुड़कर अपने जीवन का नया अध्याय प्रारंभ किया। इसके बाद बालाघाट, रतलाम, मंदसौर, अशोकनगर और नीमच सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 1998 में नीमच जिले के गठन के साथ वे जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच से जुड़े और तब से जिले की जनसंपर्क गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। प्रशासनिक सूचनाओं को जन-जन तक सरल, प्रभावी और संवेदनशील तरीके से पहुंचाने में उनकी भूमिका सदैव उल्लेखनीय रही है। देश के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल सिंहस्थ महापर्व में भी उनकी सेवाएं विशेष रूप से सराही गईं। सिंहस्थ-2004 में उन्होंने मुख्य मीडिया सेंटर प्रभारी के रूप में हजारों पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के समन्वय का दायित्व संभाला, जबकि सिंहस्थ-2016 में मेला प्रभारी मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्री मालवीय केवल एक कुशल प्रशासक और जनसंपर्क अधिकारी ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और सृजनशील लेखक के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। समाचार, फीचर, आलेख, समसामयिक विषयों पर टिप्पणियां तथा हास्य-व्यंग्य लेखन में उनकी लेखनी ने पाठकों के बीच विशेष स्थान बनाया है। उनकी रचनाओं में सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाएं और सकारात्मक दृष्टिकोण सहज रूप से परिलक्षित होते हैं। लगातार तीन दशक से अधिक समय तक जनसंपर्क के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए श्री मालवीय ने शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनकी कार्यनिष्ठा, संवाद कौशल, प्रशासनिक अनुभव और रचनात्मक नेतृत्व क्षमता उन्हें जनसंपर्क जगत की अग्रणी हस्तियों में स्थान दिलाती है। आगर मालवा में उनकी नई पदस्थापना न केवल विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट सेवाओं और जनविश्वास का सम्मान भी है। |