रतलाम / जावरा : रतलाम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर रतलाम पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार 15 जून को जावरा चौपाटी पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां आमजन, वाहन चालकों, दुकानदारों और राहगीरों को यातायात नियमों, सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता, सीपीआर प्रशिक्षण तथा शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री आनंद सोनी ने किया। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी यातायात-जावरा सूबेदार मोनिका ठाकुर एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है।
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। लोगों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर बताया गया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनटों में दी गई सही प्राथमिक चिकित्सा किसी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
इसके साथ ही आमजन को हिट एंड रन प्रतिकर योजना एवं ‘राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को कानूनी संरक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है, इसलिए बिना किसी भय के मानवता के नाते आगे आकर सहायता करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि रतलाम पुलिस द्वारा इससे पहले सातरूंडा फंटा, धराड़ चौकी क्षेत्र, इप्का फैक्ट्री चौराहा और अरनिया पीठ मंडी चौराहा सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
रतलाम पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता कर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। सुरक्षित समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत