खंडवा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा खंडवा जिले के रामनगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और हरित भारत के निर्माण के लिए जनजागरण का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारत हिंदू महासभा मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष वीर सिंह राजपूत एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष कमांडो रामशंकर जलखरे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। खंडवा जिले के सांगठनिक प्रवास पर पहुंचे युवा प्रदेश अध्यक्ष कमांडो रामशंकर जलखरे ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा प्रदेश संगठन मंत्री जीतू दुबे, इंदौर संभाग कार्यकारी अध्यक्ष विजय वर्मा, महिला मोर्चा की इंदौर संभाग उपाध्यक्ष प्रनोती सालुंके, जिला महामंत्री श्याम नाफडे, जिला मीडिया प्रभारी योगेंद्र भट्ट, देवेंद्र सिंह राजपूत तथा युवा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नागोरे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने का संकल्प दोहराया।
कमांडो रामशंकर जलखरे के खंडवा प्रवास से स्थानीय कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। स्थानीय नागरिकों ने हिंदू महासभा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ा प्रेरणादायी अभियान बताया।
नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर लगाए गए पौधे न केवल हरियाली बढ़ाएंगे, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देंगे। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता, प्रकृति संरक्षण और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर उभरा।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत