|
|
फर्जी बिलिंग, अवैध गोदाम व बिना बिल व्यापार की सूचना अब सीधे विभाग तक पहुंचेगी, नागरिक बनेंगे राजस्व प्रहरी पारदर्शी डैशबोर्ड से मिलेगी कार्रवाई की जानकारी, राजस्व वृद्धि में होगा अहम योगदान नीमच । उप मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा प्रारंभ किए गए इन्फॉर्मेशन मॉड्यूल से वित्तीय चोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। इसका सीधा लाभ प्रदेश को राजस्व वृद्धि के रूप में मिलेगा। श्री देवड़ा आज मंत्रालय में वाणिज्यिक कर विभाग के इन्फॉर्मेशन मॉड्यूल के शुभारंभ अवसर पर अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। मॉड्यूल के प्रमुख उद्देश्य उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि राज्य में कर अपवंचन की रोकथाम, राजस्व संग्रहण में वृद्धि तथा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए यह मॉड्यूल विकसित किया गया है। यह मॉड्यूल कर चोरी, फर्जी बिलिंग, बिना बिल के व्यापार, अवैध गोदाम, कर संबंधी अनियमितताओं एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सीधे विभाग तक सुरक्षित एवं सरल माध्यम से उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान करेगा। पारदर्शी प्रक्रिया श्री देवड़ा ने विभाग को मॉड्यूल की बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मॉड्यूल से प्राप्त सूचनाओं का विभाग द्वारा विश्लेषण एवं सत्यापन किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राप्त सूचनाओं के निराकरण की स्थिति एवं विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी नागरिक पोर्टल पर उपलब्ध डैशबोर्ड के माध्यम से साझा की जाएगी। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी। नागरिकों से अपील आयुक्त वाणिज्यिक कर श्री अनय द्विवेदी ने नागरिकों से अपील की है कि राज्यहित में इस मॉड्यूल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा कर अपवंचन की रोकथाम एवं राजस्व वृद्धि में सहभागी बनें। नागरिकों द्वारा प्रदान की गई उपयोगी एवं तथ्यात्मक जानकारी राज्य के राजस्व संरक्षण, कर अपवंचन पर प्रभावी नियंत्रण तथा कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से राज्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा तथा शासन की विकासात्मक योजनाओं के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। |