|
|
खेत में मिला था लहूलुहान शव, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ ने खोला सनसनीखेज राज जमीन बेचने की कोशिश और अवैध संबंध बने हत्या की वजह, पत्नी समेत प्रेमी गिरफ्तार उन्हेल (उज्जैन) थाना उन्हेल क्षेत्र के ग्राम पिपलिया डाबी में हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। खेत में मृत मिले किसान भारत सिंह राजपूत की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से करवाई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी सोनाकुंवर और उसके प्रेमी जितेंद्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक शर्मा एवं सीएसपी नागदा विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष चौहान एवं उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। खेत में खून से लथपथ मिला था शव 30 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पिपलिया डाबी निवासी भारत सिंह पिता भगवान सिंह राजपूत का शव उसके खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए कई गंभीर वार के निशान मिले। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 208/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रेम संबंध और जमीन विवाद ने ली जान जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मृतक की पत्नी सोनाकुंवर और उसके दूर के देवर जितेंद्र सिंह पिता सुरेसिंह राजपूत पर संदेह जताया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। सोनाकुंवर ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। साथ ही वह अपनी कृषि भूमि बेचने की तैयारी में था। जमीन बिकने की आशंका और प्रेम संबंध में आ रही बाधा को खत्म करने के लिए दोनों ने भारत सिंह की हत्या की साजिश रच डाली। शराब के बहाने खेत ले गया, फिर पत्थर से कुचल दिया सिर योजना के तहत 29 मई की रात करीब 10 बजे आरोपी जितेंद्र सिंह, भारत सिंह को शराब पिलाने के बहाने खेत पर ले गया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब भारत सिंह नशे में धुत हो गया तो जितेंद्र ने खेत की मेढ़ पर रखे भारी पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण भारत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस की सघन जांच और तकनीकी विश्लेषण के सामने ज्यादा देर तक बच नहीं सका। 24 घंटे में खुला अंधे कत्ल का राज उन्हेल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच की और महज 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका इस चर्चित अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौहान, उपनिरीक्षक एम.एल. मालवीय, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पटेल, महेंद्र मिश्रा, प्रेम सबरवाल, महिला प्रधान आरक्षक शर्मिष्ठा शुक्ला, आरक्षक अखिलेश, संजीव एवं कृपाशंकर की सराहनीय भूमिका रही। |