|
|
सिंगोली। आज दोपहर करीब पौने 2 बजे भीलवाड़ा से सिंगोली की ओर आ रही शिवशक्ति बस सिंगोली थाना क्षेत्र के तिलस्वां घाट में ऊपर से पलटी खा गई जिसमें सवार करीब 30 सवारियां बुरी तरह घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर पौने 2 बजे करीब भीलवाड़ा की ओर से सिंगोली आ रही शिवशक्ति बस क्रमांक आरजे 20 पीबी 1553 को ड्राइवर लापरवाही पूर्वक तेज गति से चला रहा था तब ही सिंगोली से करीब 9 किमी दूर स्थित तिलस्वां घाट में ड्राइवर की लापरवाही से बस का संतुलन बिगड़ गया और बस बीच घाट में ऊपर से पलटी खाते हुए नीचे आ गिरी।बताया जा रहा है कि बस सवारियों से भरी हुई थी। दुर्घटना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे और डायल 112, एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों से घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। ज्यादातर घायलों को हाथ, पैर और सिर में चोटें आई। हॉस्पिटल में मचा हाहाकार - घायलों के हॉस्पिटल पहुंचने पर उनके परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे जहां अपने रिश्तेदारो और घायलों को देखकर चीखपुकार मच गई। भाजपा जिला महामंत्री ने दी सूचना, घायलों को पहुंचाया हॉस्पिटल - दुर्घटना के दौरान बिजौलिया राजस्थान की ओर से सिंगोली आ रहे भाजपा जिला महामंत्री अशोक सोनी विक्रम को लोगो की भीड़ देख शंका हुई इस पर उन्हें बस पलटने की जानकारी मिली उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा को सूचना दी और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। दो गंभीर घायल - बताया जा रहा है कि दुर्घटना में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें रेफर किया गया। हॉस्पिटल में तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल भी पहुंचे और थाना प्रभारी से दुर्घटना के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर निजी चिकित्साकर्मी भी पहुंचे हॉस्पिटल - बस के दुर्घटनाग्रस्त होने और बड़ी संख्या में घायलों की जानकारी मिलने पर निजी चिकित्साकर्मी डॉ अर्जुन धाकड़ व डॉ रईस खान भी अपने स्टाफ के साथ हॉस्पिटल पहुंचे और अपनी सेवाएं दी। लापरवाही पूर्वक बसों का संचालन - बता दें कि सिंगोली से बिजौलिया, भीलवाड़ा चलने वाली बसों के परमिट मेघनिवास से बिजौलिया के होते हैं लेकिन बस मालिक और ड्राइवर, कंडक्टर अपने आर्थिक लाभ के लिए कम समय में अधिक फेरे करने के चक्कर में बसों का संचालन लापरवाहीपूर्वक करते हुए सवारियों की जान के साथ खिलवाड़ करते हैं। सिंगोली राजस्थान की सीमा पर स्थित होने के कारण ज्यादातर बसों का पंजीयन राजस्थान का होने के कारण इन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने से बस संचालकों और ड्राइवर कंडक्टर मनमानी करते हुए लापरवाहीपूर्वक बसों को दौड़ाते है। हॉस्पिटल में घायलों को देखने नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता पहुंचे। |