|
|
मिलावटखोरों पर प्रशासन का प्रहार: जावद में छापेमारी से मचा हड़कंप, गंदगी में बन रहा खाना पकड़ा नीमच । जिले में मिलावटखोरों और अस्वच्छ खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को जावद शहर और फोरलेन केसरपुरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। “शुद्ध के लिए युद्ध” अभियान के तहत प्रशासनिक टीम की दबिश से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर एसडीएम जावद श्रीमती प्रीति संघवी, तहसीलदार श्री नवीन गर्ग एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत कुमार शर्मा की संयुक्त टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, तेल, मसालों और साफ-सफाई की गहन जांच की। बस स्टैंड जावद स्थित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए पवन मिष्ठान्न से मूंगफली तेल और कचौरी के नमूने लिए गए, जबकि श्री मीनाक्षी मिष्ठान से मिल्क केक और लस्सी के सैंपल जांच हेतु एकत्र किए गए। वहीं फोरलेन केसरपुरा स्थित श्री बालाजी होटल एंड ढाबा में प्रशासन को बेहद खराब और अस्वच्छ हालात मिले। रसोई में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री रखी हुई थी तथा फ्रिज में फंगस लगी सब्जियां मिलने से टीम भी दंग रह गई। स्थिति गंभीर पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल रसोई सील कर दी। ढाबे से 100 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया है, जिसे जांच रिपोर्ट आने तक सुरक्षित रखा जाएगा। यहां से सरसों तेल, दही रायता, घी लगी रोटी और दही सहित कुल 4 नमूने लिए गए। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने एकत्र कर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम श्रीमती प्रीति संघवी ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मिलावट और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। |