रतलाम/सैलाना
सैलाना क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के मामले ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक रूप ले लिया। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सुबह से देर रात तक सैलाना थाने में धरना दिया। रिकॉर्डतोड़ 46.5 डिग्री तापमान के बीच विधायक करीब 12 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठे रहे। इस दौरान दोपहर और शाम का भोजन भी उन्होंने थाने परिसर में ही किया। देर रात पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद धरना समाप्त हुआ।
मामला मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे शुरू हुआ, जब विधायक डोडियार को सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट और काले कांच लगी बोलेरो में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और बोलेरो का पीछा किया। आरोप है कि वाहन चालक ने कोटड़ा क्षेत्र में विधायक समर्थक नागेश्वर खराड़ी निवासी भैरूघाटा की बोलेरो को टक्कर मार दी। इसके बाद संदिग्ध वाहन अडवानिया से बागरियों की खेड़ी मार्ग होते हुए सैलाना नगर में प्रवेश कर बाजार क्षेत्र से होकर निकला।
विधायक का आरोप है कि बोलेरो में भारी मात्रा में शराब भरी हुई थी, जिसे सैलाना बस स्टैंड स्थित एक अन्य शराब दुकान में छुपाया गया। बाद में पुलिस ने वाहन को पकड़कर कार्रवाई की, लेकिन केवल वाहन क्रमांक MP43 ZC 0842 से चार पेटी शराब जब्त कर मामला सीमित कर दिया। विधायक ने इसे अधूरी कार्रवाई बताते हुए थाने में धरना शुरू कर दिया और शहर तथा संबंधित शराब दुकानों के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच की मांग की।
धरने के दौरान विधायक ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारी को लिखित पत्र देकर छुपाई गई पूरी शराब जब्त करने, जिम्मेदार आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। उनके समर्थन में जिला जनपद उपाध्यक्ष केशुराम निनामा, भारत आदिवासी पार्टी के चंदू मईडा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता थाने पहुंचे।
पूरा दिन सैलाना थाने में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मौके पर थाना प्रभारी पिंकी आकाश, धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान सहित समस्त थाना बल मौजूद रहा। पुलिस लगातार विधायक और समर्थकों को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन विधायक उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे।
धरने के दबाव में पुलिस ने गाड़ी दुर्घटना मामले में एफआईआर दर्ज की। फरियादी नागेश्वर पिता लक्ष्मण खराड़ी (24) निवासी भैरूघाटा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कमल निनामा निवासी भल्ला का माल और मंथन कोशल निवासी इस्थुनी के खिलाफ धारा 281, 324(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। शिकायत में कहा गया कि बिना नंबर वाली बोलेरो ने जानबूझकर टक्कर मारकर वाहन क्षतिग्रस्त किया और आरोपी फरार हो गए।
इधर शराब मामले में भी बड़ा खुलासा हुआ। आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त-सैलाना द्वारा जारी पत्र के अनुसार पुलिस से सूचना मिलने पर जांच की गई। इसमें पाया गया कि बस स्टैंड स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान सैलाना क्रमांक 02 पर लाई गई 4 पेटी प्रेसीडेंट 5000 सुपर स्ट्रांग बीयर के संबंध में कोई वैध परमिट उपलब्ध नहीं था। कुल 48 बोतल (650 एमएल) बीयर जब्त कर जीएलसी की धारा 32 के तहत विभागीय प्रकरण क्रमांक 60/12.05.2026 दर्ज किया गया। इसके बाद शराब और संबंधित आरोपियों को आबकारी विभाग के सुपुर्द किया गया।
करीब रात 10 बजे विधायक कमलेश्वर डोडियार ने धरना समाप्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है और अब मामले की जांच आगे बढ़ेगी। विधायक ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में अवैध शराब का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और समाज को इससे बचाने के लिए हर गांव में इसके खिलाफ संघर्ष करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगे भी अवैध शराब कारोबार जारी रहा तो उनके नेतृत्व में बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
Reporter Jitendra Kumawat