रतलाम / सैलाना
रतलाम जिले की सैलाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई और पेशेवर अन्वेषण कौशल का लोहा मनवाया है। शादी के मंगल मुहूर्त पर जब पूरा परिवार खुशियों में डूबा हुआ था, उसी दौरान सूने घर में घुसकर चोरी करने वाले शातिर युवक को पुलिस ने मात्र एक दिन में पकड़ लिया। चोरी गए लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 21,000 रुपये नकदी बरामद कर ली गई। इस बड़ी सफलता ने इलाके में पुलिस की छवि को और मजबूत कर दिया है।
घटना 26 अप्रैल 2026 की रात की है। फरियादी निर्मल पाटीदार, निवासी ग्राम बोदिना ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके भतीजे के विवाह समारोह के दौरान पूरा परिवार शादी में व्यस्त था। रात करीब 10 बजे जब परिवार घर लौटा तो देखा कि मुख्य दरवाजे का नकुचा टूटा पड़ा है और अंदर रखी अलमारी खुली हुई थी। चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। साथ ही पास ही ठहरे दूल्हे के रिश्तेदार के बैग से भी एक सोने का हार और नकदी चोरी हो गई थी। इस घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 141/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के सख्त निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में तुरंत विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर ली।
टीम ने सुजल पाटीदार (पिता: मुकेश पाटीदार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम पंचेवा, थाना पिपलौदा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर ग्राम पंचेवा के पवन चक्की क्षेत्र में स्थित एक टीन शेड से चोरी का सोने का हार और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
वहीं, चोरी की नकदी राशि आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-43-ZF-9551) की टंकी के नीचे डिक्की में छिपा रखी थी, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
बरामद मशरूका की सूची:
एक सोने का हार (ढाई तोला) — कीमत करीब ₹3,00,000
चांदी का कंदोरा (84 ग्राम)
एक जोड़ी चांदी की पायजेब (148 ग्राम)
दूसरी जोड़ी चांदी की पायजेब (54 ग्राम)
नकद ₹21,000
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (MP-43-ZF-9551, चेसिस नंबर MBLHAW227R4M04470)
कुल मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया। आरोपी सुजल पाटीदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक शंकरसिंह शक्तावत, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी, आरक्षक अर्चित दुबे तथा साइबर सेल टीम के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
उनकी रात-दिन की मेहनत, सूझबूझ और तेज कार्रवाई ने चोरी के मामले को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्राइम रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत