रतलाम
डीडी नगर थाना क्षेत्र के राम रहीम नगर में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार दिलीप वसुनिया के घर के सामने सड़क पर एक्टिवा खड़ी थी। इसी बात को लेकर ईश्वर नगर निवासी अजय नायक और सुनील नायक बाइक से पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दिलीप द्वारा वाहन हटाने की बात कहने पर अजय ने तलवार के पिछले हिस्से से उसके दाहिने हाथ पर वार कर दिया। विवाद बढ़ने पर अजय ने अपने अन्य साथियों—कुंदन, दिनेश, अक्षय सहित 8-10 लोगों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि सभी बदमाश तलवार, बेसबॉल डंडे और लाठियां लेकर घर में घुस गए और परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में दिलीप वसुनिया के हाथ में, उनके भाई प्रेम के सिर में और बहन कांता को तलवार से चोट आई। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनके समाज की होली पार्टी में दखल दिया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक युवक को तलवार सहित पकड़ा है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किए गए हैं, जबकि अन्य फरार हैं। आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
क्राइम रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत