रतलाम / सरवन
रतलाम जिले के अंतर्गत सरवन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सार्वजनिक चौराहे पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की गई। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सरवन पिपली चौक निवासी आठवीं कक्षा की छात्रा अपने माता-पिता के साथ बालाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। भक्ति और शांति के माहौल से लौट रहे इस परिवार को क्या मालूम था कि रास्ते में दरिंदगी उनका इंतजार कर रही है। शाम करीब 7:15 से 7:45 के बीच, जब परिवार सरवन आषाढ़ी चौराहे पर पहुँचा, तभी मोटरसाइकिल सवार साहिल खान उर्फ आंटी ने पीछे से आकर छात्रा के साथ अत्यंत अश्लील हरकत की।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि जब पीड़िता के माता-पिता (मनोज और दुर्गा) ने इस हरकत का विरोध किया, तो साहिल खान भागने के बजाय उनसे उलझ गया। उसने सरेआम मां-बहन की भद्दी गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा, मैं ऐसा ही करूंगा, अगर रिपोर्ट की तो जान से मार डालूंगा। इस दौरान वहाँ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें भी धमकाते हुए मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलियार ने तत्काल केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं के तहत
मामला पंजीकृत किया गया है:
धारा 74: नाबालिग के साथ छेड़छाड़।
धारा 296: सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत।
धारा 351: आपराधिक धमकी देना।
थाना प्रभारी का बयान: पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। छापेमारी जारी है और जल्द ही साहिल खान सलाखों के पीछे होगा। हम महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहे हैं।
Crime reporter Jitendra Kumawat