|
नीमच। पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के निर्देश पर सायबर सेल नीमच द्वारा साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा सायबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे एवं टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि धोखाधड़ी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्हीं निर्देशों के पालन में जनवरी एवं फरवरी 2026 में प्राप्त शिकायतों में से 10 मामलों में फ्रीज की गई कुल 4,66,500 रुपये की राशि पेमेंट गेटवे, वॉलेट्स, ई-कॉमर्स वेबसाइट्स एवं माननीय न्यायालय के आदेश के माध्यम से पीड़ितों के वास्तविक खातों में रिफंड करवाई गई है। इसके अतिरिक्त जनवरी–फरवरी 2026 में प्राप्त साइबर फ्रॉड आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 35 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं। संबंधित राशि पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया प्रचलित है। गौरतलब है कि वर्ष 2024–2025 में प्राप्त शिकायतों पर भी सायबर सेल द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई थी। परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में कुल 38 लाख रुपये की राशि पेमेंट गेटवे, वॉलेट्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म एवं न्यायालयीन आदेशों के माध्यम से आवेदकों के वास्तविक खातों में रिफंड करवाई गई। नीमच पुलिस की अपील नीमच पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि वे साइबर अपराध के शिकार होते हैं तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें अथवा National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। साथ ही नजदीकी पुलिस स्टेशन या सायबर सेल से भी संपर्क करें। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही बचाव है। किसी के लालच में न आएं। अनजाने लिंक पर क्लिक न करें। सतर्क रहें, जागरूक रहें। |