|
किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती को मिलेगा नया विस्तार आगर मालवा : कलेक्टर सभाकक्ष, में कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना की अध्यक्षता मे आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग की जिला स्तरीय निगरानी समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आत्मा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों, कृषक प्रशिक्षण, कृषक भ्रमण, कृषक संगोष्ठी, प्रदर्शन एवं क्षमता विकास कार्यक्रमों की समीक्षा कर कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। साथ ही जिले में कृषि विस्तार गतिविधियों को प्रभावी बनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा कृषि की उन्नत पद्धतियों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। आत्मा के श्री पीयूष सोलंकी में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत वर्ष 2026-27 में जिले में 8 नवीन क्लस्टरों के गठन एवं संचालन के प्रस्ताव पर चर्चा, मंजूरी दी गई। बैठक में पूर्व से संचालित क्लस्टरों की कार्य प्रगति, किसानों के पंजीयन एवं सहभागिता, प्राकृतिक खेती से संबंधित गतिविधियों तथा बीआरसी केंद्रों के माध्यम से तैयार किए जा रहे प्राकृतिक कृषि आदानों की उपलब्धता एवं उपयोग की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आत्मा योजना एवं नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। मैदानी स्तर पर किसानों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ें। बैठक मे उप संचालक कृषि श्री गोपेश पाठक, परियोजना संचालक आत्मा श्री पीयूष सोलंकी, उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ. एम.एल. जारोलिया, उप संचालक उद्यानिकी श्री अर्जुन सिंह राजपूत, एसडीओ कृषि अभियांत्रिकी श्री अंशुल बारोट, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जगत डाबर, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री रविंद्र शर्मा, मत्स्य पालन निरीक्षक श्री जितेंद्र यादव सहित कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। । |