|
सिंगोली । चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में सत्ता की चाबी एक सीट जीतने वाली राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के हाथ में आने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। RLP की पंचायत समिति सदस्य शंकरी बाई के भाजपा को समर्थन देने के घटनाक्रम ने पार्टी में विवाद खड़ा कर दिया। सोमवार को RLP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ नारेबाजी की। मामला बढ़ने पर पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने हस्तक्षेप किया। विधायक आक्या और बेनीवाल के बीच बातचीत के बाद शंकरी बाई को नागौर बुलाकर पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखने पर सहमति बनी। दरअसल, पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में भाजपा और कांग्रेस ने 14-14 सीटें हासिल की हैं,जबकि RLP की शंकरी बाई ने एक सीट जीती है। ऐसे में उनका समर्थन सत्ता गठन के लिए निर्णायक हो गया है। इसी बीच उनके भाजपा के पक्ष में जाने से RLP में नाराजगी फैल गई। बेटे ने जारी किया वीडियो, माता-पिता को जबरन ले जाने का आरोप- विवाद के बीच RLP नेताओं ने पहले वीडियो जारी कर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल को जबरन ले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से जाने की बात कही और आरोपों को गलत बताया। वहीं सोमवार को उनके बेटे बबलू ने भी वीडियो जारी कर माता-पिता को जबरदस्ती ले जाने का आरोप लगाया। बेटे ने कहा कि उनका परिवार हनुमान बेनीवाल के साथ है। RLP नेताओं ने उठाए सवाल, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन- सोमवार सुबह बड़ी संख्या में RLP पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शंकरी बाई को वापस लाने,पार्टी की अनुमति के बिना किसी अन्य दल को समर्थन नहीं देने और उन्हें ही प्रधान बनाने की मांग उठाई। RLP जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने आरोप लगाया कि शंकरी बाई पढ़ी-लिखी नहीं हैं और धनबल के दबाव में बयान दे रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महज एक घंटे में विकास कार्यों को समझकर समर्थन का निर्णय कैसे लिया जा सकता है। वहीं जिला सह प्रभारी हर्शल पियाल ने पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि शंकरी बाई RLP के टिकट पर चुनाव जीती हैं, इसलिए संगठन का निर्णय ही मान्य होना चाहिए। पांच सदस्यीय कमेटी ने की बातचीत, नागौर में होगा अंतिम फैसला- दिनभर चले घटनाक्रम के बाद हनुमान बेनीवाल ने पार्टी पदाधिकारियों से फोन पर चर्चा की और पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी ने जिला कलेक्टर डॉ. मंजू से मुलाकात के बाद विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से भी बातचीत की। इस दौरान बेनीवाल और आक्या के बीच फोन पर चर्चा हुई। बातचीत के बाद तय हुआ कि शंकरी बाई सीधे नागौर जाकर हनुमान बेनीवाल से मुलाकात करेंगी। वहां पार्टी नेतृत्व जो निर्णय लेगा,उसे अंतिम माना जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। आक्या बोले- बातचीत हो चुकी है,आगे का निर्णय करेंगे- विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि RLP का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था। शंकरी बाई के पति रतनलाल से भी हनुमान बेनीवाल की बात हुई है। बेनीवाल से उनकी भी चर्चा हुई है। उपप्रधान बनाने सहित आगे की राजनीतिक रणनीति पर बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल धरना-प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमति बनी है। बेनीवाल की चेतावनी- सदस्य वापस नहीं आईं तो जिला प्रभारी पर कार्रवाई RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि उनकी पार्टी की सदस्य वापस नहीं आती हैं तो जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट को पार्टी से निलंबित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रभारी ने ही पार्टी के उम्मीदवार को दूसरे पक्ष को सौंपा है। बेनीवाल ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल शंकरी बाई के नागौर पहुंचने और पार्टी नेतृत्व से मुलाकात के बाद ही चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की राजनीति की अगली तस्वीर साफ होगी। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |