|
कलेक्टर ने पालडा में स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र, एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण आगर मालवा : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत् शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ग्राम पालड़ा का भ्रमण कर उप स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय एवं हाई स्कूल का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियेां को दिए। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन का निर्माण पूरा हो जाने और आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होने के बावजूद स्टॉफ द्वारा मुख्यालय पर निवास नहीं करने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एएनएम की मुख्यालय पर ही उपस्थिति एवं निवास सुनिश्चित करवाएं। कलेक्टर ने ग्राम भ्रमण के दौरान कंवरलाल यादव के घर पर समुह जल प्रदाय योजना के तहत् पेयजल आपूर्ति का जायजा लिया और नल से जल आपूर्ति नहीं होना पाए जाने पर निर्देश दिए कि गांव के सभी घरों में नल के द्वारा जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने श्रीराम पिता नवल राव के निवेदन पर उसे तत्काल खाद्यान्न पात्रता पर्ची बनाकर प्रदान करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। कलेक्टर को ग्रामीण चन्दरसिंह ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् उसे दो किस्त में 1.05 लाख की राशि का भुगतान मिला है, और आवास निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। छत भी डल चुकी है, परन्तु ग्राम पंचायत द्वारा जियो टेगिंग कर अंतिम किस्त का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने और दोषी पंचायत सचिव को निलंबित करने तथा रोजगार सहायक को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम पालडा में प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कक्षा चौथी और पांचवीं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, अध्यापन कार्य, गणवेश की राशि के भुगतान एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्राम के हाई स्कूल में कक्षा 9 वीं एवं 10वीं में पहुंचकर अध्यापन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में पदस्थ शिक्षकों की संख्या, स्मार्ट क्लास की सुविधा की जानकारी भी ली। उन्होंने शिक्षिका को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम के साथ अध्यापन कार्य करवाएं और समय-समय पर उसका रिवीजन भी करवाते रहे। आंगनवाड़ी केन्द्र पालडा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नाश्ता एवं गरम पका भोजन वितरण का समय, उसकी गुणवत्ता, निर्धारित मीनू, बच्चों की उपस्थिति एवं दर्ज संख्या की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने बच्चों के नियमित टीकाकरण, वजन, उंचाई लेने एवं कम वजन वाले बच्चों की संख्या, सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों की संख्या तथा उनकी स्वास्थ्य देखभाल, पोषण स्तर में सुधार के बारे में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की। कलेक्टर ने ग्राम पालड़ा में ग्रामीण महिला शांति बाई द्वारा विगत कई माह से पेंशन राशि का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर पंचायत सचिव को निेर्देश दिए कि वे शांतिबाई की पेंशन के असफल भुगतान की समस्या का स्वयं रूचि लेकर समाधान करवाएं, जिससे की उन्हें समय पर पेंशन राशि मिल सकें। |