|
पिपलियामंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के मामलों में था फरार; उज्जैन के नागदा थाने में भी दर्ज है प्रकरण मंदसौर। राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे 16 हजार रुपये के इनामी आरोपी जवान सिंह बावरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कुल 12 गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका पुलिस रिमांड स्वीकृत हो गया है। अब पुलिस उससे मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और उसके स्रोतों को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पिपलियामंडी थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी जवान सिंह उर्फ निर्मल पिता प्रतापसिंह बावरी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम अम्बाव, थाना पिपलियामंडी को गिरफ्तार किया है। तीन हजार से लेकर दस हजार तक का था इनाम पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पिपलियामंडी थाने में अपराध क्रमांक 282/26 धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट तथा अपराध क्रमांक 324/25 धारा 296(बी) सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन-तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा उज्जैन जिले के नागदा थाने में अपराध क्रमांक 279/25 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के मामले में भी आरोपी फरार चल रहा था। इस प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह आरोपी पर कुल 16 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तस्करी नेटवर्क को लेकर होगी पूछताछ पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार था और लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कुल 12 गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मिला है। अब पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में सहायक उपनिरीक्षक संतोष मुनिया, प्रधान आरक्षक वसीम खान, नरेन्द्र धनगर, नरेन्द्र सिंह चौहान, विजय परमार तथा आरक्षक उदल सिंह, रिंकू सिंह, पवन सिंह बोराना, राहुल पाटीदार, अनिल गुर्जर, नागेश्वर पाटीदार और जुगल किशोर शामिल रहे। |