|
नीमच। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती दुर्गा बामनिया ने त्योहारों के मद्देनजर शनिवार, 17 अक्टूबर को शहर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित सफाई अमले को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। शनिवार सुबह सीएमओ श्रीमती बामनिया स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक एवं स्वच्छता निरीक्षकों के साथ शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकलीं। उन्होंने सीआरपी रोड, विजय टॉकीज चौराहा, टैगोर मार्ग, भारत माता चौराहा और कमल चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद वे फ्रूट मार्केट पहुंचीं, जहां उन्होंने फल व्यवसायियों और ठेला संचालकों को सड़क पर कचरा नहीं फेंकने, व्हाइट लाइन के बाहर ठेले नहीं लगाने तथा अतिक्रमण से बचने की हिदायत दी। साथ ही सभी को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। फ्रूट मार्केट में अव्यवस्थित रूप से खड़े ठेलों के कारण आवागमन बाधित होने की स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने मौके पर खड़े रहकर व्यवस्थाओं में सुधार करवाया। उन्होंने नगर पालिका के कर्मचारियों को सब्जी मंडी के बाहर और फ्रूट मार्केट में व्हाइट लाइन के बाहर ठेले लगाकर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीमती बामनिया पुराना माल गोदाम भी पहुंचीं। यहां उन्होंने लोक निर्माण शाखा के श्री रवि भंडारी एवं श्री राम सिंह से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित निगरानी रखने और व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज, श्री अविनाश घेँघट, श्री भेरूलाल अहीर, श्री गोपाल नरवाले एवं गैंग प्रभारी श्री आकाश सौदे उपस्थित थे। |