|
प्रदेश में 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव लेकर आया हूं – मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगर में 3800 करोड़ की मैककेन फूड परियोजना शुरू हो रही है, 2 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है आगर-मालवा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगर के नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में सहभागिता करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कृषक कल्याण वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रम में किसानों से कृषि गतिविधियों, शासन की किसान हितैषी योजनाओं से मिल रहे लाभ, कृषि के क्षेत्र में नवाचार तथा किसानों की आवश्यकताओं के संबंध में संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं गुरुवार को ही प्रदेश के लिए निवेशकों से 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव लेकर आया हूं। आगर में 3800 करोड़ रुपये की मैककेन फूड परियोजना शुरू हो रही है। इसमें 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर-मालवा जिले के लालूखेड़ी में आलू प्रसंस्करण का 200 करोड़ रुपये का उद्योग स्थापित हो रहा है। लालूखेड़ी के साथ ही अब आगर-मालवा जिले के किसान आलू उगाएंगे। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव, प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, सांसद श्री रोडमल नागर, प्रदेश प्रभारी श्री कपिल यारदे, विधायक श्री माधव सिंह मधु गेहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई-भेरूसिंह चौहान, जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय, वरिष्ठ किसान नेता श्री दिनेश परमार, श्री रामनारायण तेजरा, श्री डूंगरसिंह सिसौदिया, श्री हरिनारायण यादव, श्री बाबूलाल यादव, श्री कप्तान सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना और पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि आगर एवं सुसनेर का संतरा देशभर में भेजा जा रहा है। आगर जिले के संतरे ने नागपुर को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जिले के पशुपालक गोपालन के लिए भी विशेष रूप से जाने जाते हैं। जैविक दूध प्रदेश में कहीं मिलता है तो आगर में ही मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का दूध उत्पादन भी बढ़ेगा और सांची का दुग्ध ब्रांड भी विस्तार कर रहा है। सांची के दुग्ध ब्रांड की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर जिला सौर ऊर्जा एवं विंड एनर्जी के लिए भी अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश में पर्याप्त बिजली, सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध है और पांच लाख किलोमीटर की सड़कों का जाल भी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर जिला गोसेवा के लिए भी विशेष पहचान रखता है। गो-अभयारण्य सालरिया एवं जिले की अन्य गोशालाओं में 20 हजार से अधिक गोवंश की समुचित देखभाल की जा रही है। सरकार प्रति गोवंश 40 रुपये प्रतिदिन के मान से गोवंश की देखभाल के लिए गोशालाओं को राशि प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपालन पुरस्कार योजना की चर्चा करते हुए कहा कि गोपालन को बढ़ावा देने के लिए इस योजना के तहत अच्छे पशुपालकों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रत्येक विकासखंड से प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 50 हजार रुपये एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बिनायगा, बड़ौद के प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसान श्री राधेश्याम परिहार, आखाखेड़ी, तनोडिया के प्राकृतिक अरहर की खेती करने वाले किसान रोहित शर्मा एवं अन्य उपस्थित प्रगतिशील किसानों से वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने किसानों द्वारा की जा रही प्राकृतिक, जैविक एवं उन्नत कृषि के बारे में जानकारी ली तथा इससे होने वाले लाभ के बारे में चर्चा कर उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेती को उद्यम बनाकर किसानों के लिए लाभ का धंधा बना दिया है। आज उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी किसान पुत्र कृषि की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि सोयाबीन की मंडी में बंपर आवक के साथ ही किसानों को सोयाबीन का अच्छा भाव भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोजाना किसानों से संवाद कर रहे हैं। अब तक 44 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने अपने उद्बोधन की शुरुआत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान के नारे से करते हुए कहा कि प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों, किसान पुत्र-पुत्रियों और बेटियों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नई सुगम परिवहन योजना प्रारंभ कर ग्रामीणों और किसानों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई है। ई-टोकन के माध्यम से प्रदेशभर में किसानों को पर्याप्त उर्वरक मिल रहा है। किसान कल्याण वर्ष में किसानों के लिए अनेक किसान हितैषी निर्णय लिए गए हैं और योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मधु गेहलोत ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आगर जिला कृषि एवं किसानों का जिला है। इस साल वर्षा कम हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और किसानों को किसान सम्मान निधि दिलाने का आग्रह भी किया। विधायक ने कहा कि सरकार ने आहू डेम देकर 25 गांवों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने हड़ाई, सियाखेड़ी एवं भीमपुरा जलाशयों के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रगतिशील किसानों, मेधावी विद्यार्थियों एवं भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों ने उत्कृष्ट एवं प्रगतिशील किसानों, किसान परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं और भूतपूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को श्री कपिल यारदे एवं श्री कप्तान सिंह यादव ने भी संबोधित किया। जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। प्रारंभ में एसडीएम श्री कमल मंडलोई, उप संचालक कृषि श्री गोपेश पाठक एवं उप संचालक आत्मा श्री पीयूष सोलंकी ने मंचासीन सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मंचासीन अतिथियों एवं कलेक्टर-एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य विभाग एवं आधुनिक कृषि यंत्रों सहित अन्य विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक कलाकारों के दल ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंत में उप संचालक कृषि श्री पाठक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री लालजीराम मालवीय, श्रीमती रेखा रत्नाकर, श्री मुरलीधर पाटीदार, श्री बद्रीलाल सोनी, श्री दिलीप सकलेचा, श्री चिंतन राठौर, श्री गोविंद सिंह बरखेड़ी, श्री मयंक राजपूत, श्री उदय सिंह यादव, श्री कपिल सिंह यादव, श्री सूरज सिंह परिहार, श्री करणसिंह यादव, श्री भेरूसिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान नेता, पत्रकारगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जिले के पुरुष और महिला किसान उपस्थित थे। |