|
दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, तीन विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में; 7 वारदातों का खुलासा, 6.50 लाख रुपये का मश्रुका बरामद पिपलियामंडी। पिपलियामंडी पुलिस ने संपत्ति संबंधी चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए सोलर पावर प्लांट से तांबे की केबल काटकर चोरी करने और बर्तन गोदाम को निशाना बनाने वाली पारदी गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने थाना पिपलियामंडी के तीन तथा थाना वायडीनगर के चार, कुल सात चोरी के अपराधों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोलर प्लांट से चोरी की गई केबल को जलाकर निकाला गया करीब 18 किलोग्राम तांबा, करीब दो लाख रुपये कीमत के पुराने तांबे के बर्तन एवं अन्य सामान तथा वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मश्रुका की कुल कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को सोलर पावर प्लांट बोतलगंज से करीब तीन लाख रुपये कीमत की केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 188/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को पिपलियामंडी के फाटक मोहल्ला स्थित एक बर्तन गोदाम की दीवार तोड़कर तांबे के बर्तन और अन्य सामान चोरी करने की घटना सामने आई। इस मामले में अपराध क्रमांक 300/26 धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली। जांच के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने महेन्द्र सिंह पिता विनोद सिंह पारदी, उम्र 38 वर्ष, निवासी मालखेड़ा, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच तथा गोलू पिता गोविंद पारदी, उम्र 24 वर्ष, निवासी सुवासरा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। इनके साथ तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया। दिन में रेकी, रात में वारदात पुलिस के अनुसार, गैंग के सदस्य दिन के समय मोटरसाइकिलों से घूमकर सोलर पावर प्लांट, गोदाम, दुकान और सुनसान मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी कुछ ही मिनटों में तांबे की केबल, बर्तन और अन्य कीमती धातु का सामान चोरी कर मोटरसाइकिलों से फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की गई सोलर केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकालते थे और तांबे तथा अन्य धातु के सामान को नीमच और मंदसौर क्षेत्र में कम कीमत पर बेच देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी और वायडीनगर क्षेत्र में सोलर प्लांट से केबल चोरी सहित अन्य वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। चोरी का सामान कहां-कहां बेचा गया, इस संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है। तीन मोटरसाइकिल सहित 6.50 लाख का मश्रुका जब्त पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 18 किलोग्राम तांबा, करीब दो लाख रुपये कीमत के पुराने तांबे के बर्तन व अन्य सामान तथा वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें बजाज पल्सर, हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। तीनों मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, कुल करीब 6.50 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना ने सभी थाना क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी अपराधों की अधिक से अधिक पतारसी कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिन्टू कुमार बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश डामोर, उपनिरीक्षक जया भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक संतोष मुनिया, प्रधान आरक्षक विजय परमार, विनोद सिंह सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल मंदसौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |