|
डेयरी व्यवसाय से पशुपालक को मिल रही नियमित एवं लाभकारी आय नीमच : सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शनिवार को ग्राम पंचायत हार्कियाखाल में पशुपालक श्री रोहित पाटीदार द्वारा आचार्य विद्यासागर योजना अंतर्गत स्थापित डेयरी इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने डेयरी की व्यवस्थाओं, दुग्ध उत्पादन, पशुओं के रख-रखाव, चारा एवं पानी की व्यवस्था तथा डेयरी व्यवसाय से प्राप्त आय की जानकारी ली। पशुपालक श्री रोहित पाटीदार ने बताया कि उन्होंने पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना के माध्यम से 6 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर डेयरी व्यवसाय प्रारंभ किया है। योजना के तहत उन्हें 1 लाख 50 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने 2 गायों से डेयरी व्यवसाय शुरू किया था, जो अब बढ़कर 19 गायों तक पहुंच गया है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 200 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें नियमित एवं लाभकारी आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि डेयरी में ऑस्ट्रेलियन, साहीवाल सहित विभिन्न नस्लों की गायें हैं। भविष्य में डेयरी का विस्तार कर 50 गायों तक पशुधन बढ़ाने तथा हाईटेक डेयरी स्थापित करने का उनका लक्ष्य है। सीईओ श्री वैष्णव ने डेयरी में ऑटोमेटिक पानी की मशीन सहित पशुओं के रख-रखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पशुओं की उचित देखभाल, स्वच्छता तथा पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, वृद्ध हो चुकी तथा वर्तमान में दूध नहीं देने वाली गायों की भी समुचित देखभाल करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक पशुपालन विभाग श्री ए.आर. धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। |