|
नीमच। शहर के प्रतिष्ठित एक्सीलेंस कॉलेज स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व कार्यक्रम अधिकारियों एवं पूर्व स्वयंसेवकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस और एनसीसी विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा एवं राष्ट्र सेवा से जोड़ने वाले दो प्रमुख शासकीय छात्र संगठन हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने वाली भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। शिविरों एवं सामूहिक गतिविधियों में सहभागिता से विद्यार्थियों में टीमवर्क, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है। महाविद्यालय के विज्ञान संकाय अध्यक्ष डॉ. एन.के. डबकरा ने कहा कि एनएसएस से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों को परीक्षा, साक्षात्कार और व्यावसायिक जीवन में भी लाभ पहुंचाते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक एवं पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जे.सी. आर्य ने कहा कि रासेयो का स्वयंसेवक बनना गौरव की बात है। यह विद्यार्थियों को समाज में पहचान और सम्मान दिलाने के साथ सेवा, विनम्रता, संस्कार एवं अनुशासन जैसे गुणों का विकास करता है और जीवन में उन्नति के मार्ग खोलता है। कार्यक्रम में अभाविप के नगर मंत्री एवं परिसर अध्यक्ष अमन पांडे भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से एनएसएस से जुड़कर समाज एवं राष्ट्र सेवा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। पूर्व अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का सम्मान समारोह में पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना पंचोली, डॉ. प्रभावती भावसार, डॉ. आर.सी. जैन, डॉ. अपर्णा रे एवं प्रो. कमलेश पाटीदार का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं रासेयो के पूर्व स्वयंसेवक ललित आर्य, अर्जुन नागदा एवं यश काठा का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के रासेयो कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राकेश कस्वा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व एवं इसकी विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएसएस की स्वयंसेविकाओं ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर आयोजन को भव्यता प्रदान की। पूर्व शिविर नायक ललित आर्य ने रासेयो गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में दिव्यांशी धाकड़ को बेस्ट स्वयंसेवक के खिताब से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो. डॉ. राजेंद्र गुजेटिया, प्रो. आर.सी. वर्मा, डॉ. सोनू चौहान, एनसीसी ऑफिसर देवीसिंह राठौर, प्रो. तनवीर पठान, अतिथि विद्वान पूजा सेन, संजय पंवार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवकला पाटीदार एवं सुमित धाकड़ ने संयुक्त रूप से किया। आभार स्वयंसेविका दिव्यांशी धाकड़ ने माना। |