|
सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव टीम मौके पर भेज कर वाहन को बाहर निकाला आगर-मालवा : शनिवार 19 सितम्बर 2026 को प्रातः 9:30 बजे नलखेड़ा स्थित माँ बगलामुखी मंदिर के पास नाले में एक कार डूबी होने की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कलेक्टर डा शेर सिंह मीना एवं एसपी श्री दिलीप सोनी के निर्देशन में तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन को बाहर निकाला गया। एसडीएम सुसनेर श्रीमती देव कुंवर सोलंकी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि एक वाहन मारुति एस-प्रेसो क्रमांक MP13 AF 7135 में 03 पुरुष, 02 महिला एवं 03 बच्चे सहित कुल 08 व्यक्ति सवार थे, जो सभी मृत अवस्था में पाये गये। सभी शवों को पोस्टमार्टम हेतु स्थानीय सिविल अस्पताल भेजा गया। सूचना प्राप्त होते ही जिला कलेक्टर डॉ मीनाएवं पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। एसडीएम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी अनुसार 19 सितम्बर की दरम्यानी रात्रि में हुई अतिवृष्टि के कारण मंदिर के पास बरसाती नाले में तेज बहाव आने से वाहन के बह जाने से यह दुखद घटना घटित हुई। जानकारी अनुसार 07 मृतक उड़ीसा के खोरदा जिले के निवासी हैं एवं 01 मृतक वाहन चालक तहसील बड़ौद जिला आगर-मालवा का स्थानीय निवासी है। पुलिस द्वारा मर्ग पंजीबद्ध कर घटना की विस्तृत जाँच की जा रही है। |