|
सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की आगर-मालवा : मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना जिले के प्रतिभावान युवाओं के सपनों को साकार कर रही है। जिले के श्री अरुण मालवीय, निवासी आगर-मालवा ने इस योजना के सहयोग से बड़ी सफलता अर्जित की है। श्री अरुण मालवीय को शासन की सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना के अंतर्गत प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। शासन की इस सहायता से श्री मालवीय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चयनित हुए हैं। साथ ही, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया है। श्री अरुण मालवीय ने अपनी इस सफलता का श्रेय शासन की सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना एवं परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्हें तैयारी के दौरान काफी संबल मिला। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने श्री अरुण मालवीय को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि अरुण की सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। |