|
नीमच। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज महिला मंडल, नीमच द्वारा शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर समाज के सात श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान कर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जोशी ने बताया कि नगर सभा नीमच के तत्वावधान में आयोजित समारोह में समाज के सप्तऋषि तुल्य सात आदर्श शिक्षकों—एक्सीलेंस कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. संजय जोशी, सीएम राइज सांदीपनि के महेश शर्मा, जिला शिक्षा केंद्र के अकादमिक समन्वयक अंबिका प्रसाद जोशी, आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल खोर की व्याख्याता पूजा शर्मा, हायर सेकंडरी स्कूल के राजेंद्र शर्मा, संस्कृत विद्यालय की कुमुदिनी शर्मा तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छोटी सादड़ी की ज्योति शर्मा—को उत्तरीय पहनाकर, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज के वरिष्ठ सदस्य श्रद्धेय राधेश्याम शर्मा, अति विशिष्ट अतिथि कृष्णकांत आचार्य तथा विशिष्ट अतिथि दिनेशचंद्र शर्मा एवं डॉ. विनोद शर्मा मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि गौतम एवं मां सरस्वती की आराधना से हुआ। प्रियंका शर्मा ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। स्वागत उद्बोधन सचिव रेखा शर्मा ने दिया। सांस्कृतिक प्रभारी जया शर्मा ने शिक्षक सम्मान पर कविता प्रस्तुत कर अपने भाव व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट श्रद्धा त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार कार्यक्रम संयोजक ज्योति अंबिका जोशी ने माना। महिला मंडल की पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज की अन्य शिक्षिकाओं का भी सम्मान किया। समारोह में समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। फोटो : शिक्षक दिवस समारोह में समाज के श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान करते हुए महिला मंडल की पदाधिकारी एवं समाजजन। |