बाजना। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को लेकर बाजना नगर में बुधवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में तहसील प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्कूली बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों के जोश और देशभक्ति के नारों से पूरा बाजना नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा रैली का आयोजन तहसील कार्यालय से शुरू हुआ। रैली बस स्टैंड, अम्बे चौक, सदर बाजार, कर्नाटक चौराहा और राजपूत मोहल्ले सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः तहसील कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा थामकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए।
रैली में बाजना तहसीलदार देवेन्द्र दग्धर, जनपद अध्यक्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष, ग्राम सचिव स्कूल प्राचार्य एवं शिक्षक तथा राजस्व विभाग के समस्त स्टाफ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं बाजना हाई सेकेंडरी स्कूल एवं कन्या उत्कृष्ट विद्यालय के बालक-बालिकाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
रैली के दौरान नगरवासियों ने भी विद्यार्थियों के उत्साह और देशभक्ति का स्वागत किया। तिरंगे के साथ कदमताल करते विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। आयोजन ने बाजना में एकता, राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान का जीवंत संदेश दिया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )