|
|
आगर-मालवा : नवागत कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, आगर मालवा का पदभार ग्रहण करने के पश्चात आगर से स्थानांतरित कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के साथ नलखेड़ा पहुंचकर जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र शक्तिपीठ मां पीतांबरा श्री बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कलेक्टर डॉ. मीना ने मां बगलामुखी से जिलेवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के प्रबंधक श्री कमल मंडलोई, एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, तहसीलदार श्री प्रियंक श्रीवास्तव एवं नगर निरीक्षक श्री नागेश यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। दर्शन-पूजन के उपरांत कलेक्टर डॉ. मीना ने एसडीएम एवं मंदिर समिति के अधिकारियों से "देवी लोक" निर्माण के तहत स्वीकृत, प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मां बगलामुखी मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। |