रतलाम। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा रतलाम द्वारा रविवार को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कार्यालय से प्रारंभ होकर शहीद चौक, शहर सराय तक निकाली गई इस मशाल यात्रा में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने हाथों में जलती मशालें लेकर कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को नमन किया। पूरे मार्ग में भारत माता की जय वंदे मातरम् और शहीदों के सम्मान में युवा मोर्चा मैदान में जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और भारतीय सेना के अदम्य साहस के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त करना था। यात्रा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री विप्लव जैन, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल तथा भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की रक्षा करती है और उसका त्याग, समर्पण तथा वीरता प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति का परिचय कराया था, जिस पर पूरे देश को गर्व है। युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
मशाल यात्रा के समापन पर शहीद चौक में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश की अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रवीण सोनी, गोविंद काकानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर पंवार, आदित्य डागा, युवा मोर्चा के सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री कृष्णा डिंडोर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन युवा मोर्चा के प्रदेश आईटी प्रभारी शुभम गुर्जर ने व्यक्त किया।
राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और शहीदों के प्रति सम्मान से परिपूर्ण इस आयोजन ने कारगिल विजय दिवस को रतलाम में यादगार बना दिया। युवाओं के जोश और देशभक्ति से सराबोर यह मशाल यात्रा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही तथा वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत