|
|
बिना फार्मासिस्ट संचालित मिला मेडिकल स्टोर, कई जगह अनियमितताएं उजागर, दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई आगर मालवा। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल के निर्देशानुसार आगर मालवा जिले की सुसनेर तहसील के मोड़ी एवं सुसनेर क्षेत्र में औषधि निरीक्षक श्रीमती रोशनी धुर्वे ने मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मोड़ी में एक मेडिकल स्टोर बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट के संचालित होता मिला। वहीं अन्य मेडिकल स्टोर्स में भी विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर मौके से चले गए। औषधि निरीक्षक श्रीमती रोशनी धुर्वे ने बताया कि जिन मेडिकल स्टोर्स में अनियमितताएं मिली हैं, उनके विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न दवाइयों के नमूने भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य औषधि प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। यदि जांच में दवाइयां निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती हैं, तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मेडिकल स्टोर्स की जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। |