खंडवा। अखिल भारत हिंदू महासभा, मध्य प्रदेश ने युवा मोर्चा के जिला खंडवा अध्यक्ष पवनसिंह सोलंकी पर प्रशासन द्वारा की गई जिलाबदर की कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने इस कार्रवाई को अनुचित, एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई है। इसी क्रम में 14 जुलाई 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय, खंडवा पर विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
हिंदू महासभा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान जनसुनवाई में कलेक्टर खंडवा एवं संभाग आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में पवनसिंह सोलंकी पर की गई जिलाबदर की कार्रवाई को वापस लेने तथा मामले की निष्पक्ष समीक्षा किए जाने की मांग की जाएगी।
संगठन का कहना है कि वह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगा तथा प्रशासन से न्यायपूर्ण निर्णय की अपेक्षा रखता है। हिंदू महासभा ने आरोप लगाया कि जिलाबदर जैसी कठोर कार्रवाई से कार्यकर्ताओं में असंतोष है और यदि समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज से जुड़े लोगों से अधिक से अधिक संख्या में खंडवा कलेक्टर कार्यालय पहुंचने की अपील की है।
संगठन का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल एक व्यक्ति के समर्थन का नहीं, बल्कि संगठन के सम्मान और न्याय की मांग का प्रतीक होगा।
प्रदर्शन को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के खंडवा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में 14 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहने की उम्मीद है। इस प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत