रतलाम / सैलाना
सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम रविवार को देखने को मिला, जब श्री जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के साप्ताहिक महोत्सव के अंतर्गत श्री जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप परिवार, सैलाना द्वारा स्थानीय गौशाला में विशेष गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप के सदस्यों ने पूरे श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ गौमाता को हरा चारा खिलाकर जीवदया का संदेश दिया।
गौशाला परिसर में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। उपस्थित सदस्यों ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि समाज में सेवा और करुणा की भावना को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
ग्रुप अध्यक्ष पंकज चंडालिया ने बताया कि संस्था केवल गौ सेवा तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाले दिनों में गौशाला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सार्थक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पशुधन की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य को लेकर ग्रुप लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर शैलेन्द्र चंडालिया, पीयूष चंडालिया, निर्मल कोठारी, शैलेंद्र ग्वालियरी, संजय राठौर, अर्पित रांका, सौरभ मांडोत, पितेश चंडालिया सहित ग्रुप के अनेक सदस्यों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित श्री जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप परिवार, सैलाना की यह पहल क्षेत्र में प्रेरणा का विषय बन रही है। गौ सेवा के साथ हरियाली बढ़ाने का संकल्प समाज को यह संदेश दे रहा है कि सेवा और संवेदना से ही एक स्वस्थ और समृद्ध भविष्य का निर्माण संभव है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत