|
|
डूंगरपुर। ऑपरेशन स्वच्छता के तहत डूंगरपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई बिछीवाड़ा थाना पुलिस द्वारा रतनपुर बॉर्डर पर की गई। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक मदनलाल बिश्नोई के निर्देशन में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ एवं उनकी टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अवैध शराब की खेप गुजरात की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा ओपन बॉडी ट्रक क्रमांक GJ 10 TT 9477 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के ऊपर सफेद तिरपाल ढका हुआ था तथा उसमें चावल की बोरियां भरी हुई दिखाई दे रही थीं। पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर गहन जांच की तो उनके नीचे चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाकर रखे हुए मिले। शराब के कुल 846 कार्टन बरामद किए गए, जिन पर फॉर सेल ओनली इन चंडीगढ़ अंकित था। पुलिस ने अवैध शराब की खेप एवं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में ट्रक चालक योगेश (42 वर्ष), निवासी रणवाली गली, छाया प्लॉट, पोरबंदर (गुजरात) को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रतनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ, कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, फतहलाल, कपिल एवं गौरव शामिल रहे। रिपोर्ट : भरत पंड्या, डूंगरपुर डूंगरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त |