|
|
सुसनेर : थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। थाना प्रभारी अक्षय बैस के नेतृत्व में पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 16 फरवरी से लेकर अब तक पुलिस ने कुल 24 से अधिक कार्रवाई करते हुए अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। जानकारी के अनुसार पिछले तीन वर्षों में थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई वर्तमान कार्यकाल में हुई है। थाना प्रभारी अक्षय बैस द्वारा पदभार संभालने के बाद से ही अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। पुलिस टीम लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कई मामलों में आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगता दिखाई दे रहा है। गौरतलब है कि थाना प्रभारी अक्षय बैस ने चार्ज संभालते ही जिले की सबसे बड़ी जुआ कार्रवाई को अंजाम देकर सुर्खियां बटोरी थीं। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नगदी एवं जुआ सामग्री भी जब्त की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। इस कार्रवाई के बाद जिलेभर में सुसनेर पुलिस की सक्रियता की चर्चा हुई थी। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में पुलिस की सक्रियता पहले की तुलना में काफी बढ़ी है। देर रात गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच एवं लगातार दबिश की कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं युवाओं को नशे से बचाने के लिए भी पुलिस द्वारा जागरूकता गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। थाना प्रभारी अक्षय बैस का कहना है कि सुसनेर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। रिपोर्ट : अर्पित हरदेनिया |